महिला ने आरोपी से फोन पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग और कुछ फोटोग्राफ्स भी पुलिस को दिए हैं
उत्तर प्रदेश में बांदा जिले के तिंदवारी क्षेत्र में तैनात एक तलाकशुदा महिला अनुदेशक ने एक शिक्षक पर कथित रूप से शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने यह जानकारी दी है. तिंदवारी थाने की पुलिस चौकी बेंदा के प्रभारी उपनिरीक्षक राधा मोहन द्विवेदी ने सोमवार को बताया, “एक गांव के विद्यालय में अनुदेशक पद पर तैनात एक 28 साल की तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया कि हमीरपुर जिले के राजेन्द्र सोनकर (25) का उसके गांव आना-जाना था. दोनों की दोस्ती हो गई और उसने शादी करने का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया. जब राजेन्द्र की नियुक्ति शिक्षक पद पर हो गई तब उसने शादी करने से इंकार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी.”
द्विवेदी के अनुसार, अपने संबंधों के समर्थन में महिला ने राजेन्द्र से फोन पर हुई बातचीत की रिकार्डिंग और कुछ फोटोग्राफ्स भी पुलिस को दिए हैं.
उन्होंने बताया, “तहरीर के आधार पर युवक के खिलाफ दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर पीड़िता की मोडिकल जांच कराई गई है. साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की एक टीम हमीरपुर जिले गई है.”



