दिल्ली मेट्रो रेल निगम (Delhi Metro Rail Corporation) द्वारा संचालित मेट्रो ट्रेन में सफर करने से पहले ही एक महिला से तमंचा (कट्टा) बरामद हुआ। इससे वहां पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। सीआइएसएफ के मुताबिक, यह घटना बृहस्पतिवार को पिंक लाइन के शिव विहार मेट्रो स्टेशन की है। महिला की पहचान मयूर विहार फेज-3 की रहने वाली पूनम यादव (27) के रूप में हुई।
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (Central Reserve Police Force) के मुताबिक, शिव विहार मेट्रो स्टेशन पर उन्होंने सामान्य जांच के दौरान एक महिला पैसेंजर के पास से एक तमंचा बरामद किया। उसमें एक कारतूस भी लोड था। जानकारी के मुताबिक, यह तमंचा महिला ने अपने बैग में रखा हुआ था, लेकिन बैगेज स्कैनिंग के दौरान वह पकड़ी गई। महिला के पास तमंचा होने की जानकारी से वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों में हड़कंप मच गया। इसके बाद महिला को मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया गया।
तमंचा क्यों रखा था? जांच कर रही है पुलिस
पूछताछ में महिला यह बता नहीं पाई कि आखिर यह तमंचा उसके पास कहां से आया? वह इसे बैग में क्यों? और कहां लेकर जा रही थी? घटनाक्रम के मुताबिक, आरोपी महिला पूनम यादव बृहस्पतिवार सुबह सवा 9 बजे के आसपास शिव विहार मेट्रो स्टेशन पर पहुंची। मेट्रो ट्रेन यात्रा की कड़ी में उसने अपना बैग चेकिंग के लिए बैगेज स्कैनर में डाला। मॉनिटर पर बैग में रखे सामान की जांच कर रहे सीआइएसएफ के अधिकारी फौरन अलर्ट हो गए, क्योंकि बैग में उन्हें कोई चीज रखी नजर आई।
इसके बाद उन्होंने जांच की कड़ी में बैग ले जा रही महिला को रुकवाया और अपने वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद वहां पर स्टेशन कंट्रोलर की मौजूदगी में बैग की तलाशी में उसके पास तमंचा मिला। इस पर महिला को शास्त्री पार्क थाने की मेट्रो पुलिस के हवाले कर दिया गया।



