दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर मंजीत महल और भिंडा गैंग के दो शूटरों को कैर गांव के मितराऊं चौक पर गिरफ्तार कर लिया.
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गैंगस्टर मंजीत महल और भिंडा गैंग के दो शूटरों को गिरफ्तार किया है. वे एक हत्या को अंजाम देने ही वाले थे कि ठीक उसके पहले पुलिस के हत्थे चढ़ गए. क्राइम ब्रांच के डीसीपी राम गोपाल नाइक के मुताबिक शूटरों के नाम रवि खरब उर्फ सनी दादा और टिंकू हैं.
पुलिस के मुताबिक उनकी टीम को जानकरी मिली कि 17 सितंबर को कुछ बदमाश जाफरपुर कलां के स्पाइस किचन रेस्टोरेंट मालिक की हत्या करने के लिए कैर गांव के मितराऊं चौक पर शाम 6 से साढ़े 6 बजे के बीच इकट्ठे होंगे. इससे पहले कि वे वारदात को अंजाम दे पाते, क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह की टीम ने उन्हें कुछ मिनट पहले जाल बिछाकर पकड़ लिया.
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर को इन लोगों ने स्पाइस किचन रेस्टोरेंट के मालिक के यहां फायरिंग की थी जिसमें एक ग्राहक सुरेंद्र घायल हो गया था. उसके बाद उन्होंने फोन कर 30 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी. जब फिरौती समय पर नहीं मिली तो इन लोगों ने 17 सितंबर को रेस्टोरेंट के मालिक की हत्या का प्लान बना डाला. दोनों बदमाश सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं और एक्सटॉर्शन कॉल करते रहते हैं.



