नगर निगम में नौकरी दिलवाने के नाम पर ठगों ने एक युवती से पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपितों ने पीड़िता के घर एक पुलिसकर्मी भेजकर उसका फर्जी सत्यापन भी कराया। नौकरी नहीं मिलने पर पीड़िता ने रकम मांगी तो आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने सिहानी गेट थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
नेहरू नगर द्वितीय निवासी डॉली ने बताया कि 12वीं तक पढ़ाई के बाद वह घरों में काम कर बीएससी की पढ़ाई कर रही थी। अप्रैल 2019 को पड़ोस में रहने वाले विशाल ने उसे नगर निगम के जन्म-मृत्यु विभाग में नौकरी दिलाने झांसा दिया। वह खुद को नगर निगम में सफाई कर्मचारी बताता है। उसने आरोपित की बातों में आकर पहले 10 हजार दे दिए। इसके बाद आरोपित ने निगम के अफसरों से करीबी संबंध होने का हवाला देकर नेहरू नगर में ही उसका एक फर्जी इंटरव्यू करवाया। नीतू गोयल ने अपने घर में ही उसका इंटरव्यू लिया। उसको भरोसे में लेने के लिए इंटरव्यू के बाद उसके पास लखनऊ के नंबर से कॉल भी कराई। एक महीने बाद उसका फर्जी सत्यापन भी कराया। एक पुलिसकर्मी सत्यापन के लिए उसके घर आया। इससे उसे विश्वास हो गया कि उसकी नौकरी लग जाएगी। इसके बाद उससे मेडिकल और अन्य खर्चों के नाम पर पांच लाख रुपये हड़प लिए। आरोपितों ने इस संबंध में किसी अन्य व्यक्ति न बताने की हिदायत दी थी। कई महीने बीत जाने के बाद भी जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो उसे अपने साथ ठगी का अहसास हुआ और पुलिस से शिकायत की। सिहानी गेट थाना प्रभारी गजेंद्रपाल सिंह ने बताया कि इस मामले में विशाल, नीतू, गीता समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाकर जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।



