विधु विनोद चोपड़ा (Vidhu Vinod Chopra) की फिल्म ‘शिकारा’ (Shikara) को बॉक्स ऑफिस पर मिली जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। विधु ने ‘शिकारा’ के जरिए कश्मीरी पंडितों की तकलीफ को बड़े पर्दे पर उतारा है। विधु की ये कोशिश कुछ लोगों को पसंद आई तो वहीं कुछ कश्मीरी पंडितों ने इस फिल्म को स्वीकारने से इनकार कर दिया। उनका मानना है कि ये फिल्म उनके दर्द को दिखाने में नाकामयाब हुई। इस बीच फिल्म के निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने एक बयान दिया है जो वायरल हो रहा है।
विधु विनोद चोपड़ा ने ‘शिकारा’ के बारे में बात करते हुए कहा- ‘थ्री ईडियट्स ने पहले दिन 33 करोड़ का कलेक्शन किया था। मुझे पता है शिकारा ने पहले दिन 30 लाख का कलेक्शन किया है। मैंने इस फिल्म को अपनी मां की याद में बनाया है। कुछ लोगों का कहना है कि मैंने पैसा कमाने के लिए कश्मीरी पंडितों के दर्द को इस्तेमाल किया। ऐसे लोग बेवकूफ हैं।’
विधु का यह बयान उस वक्त आया है जब हाल ही में एक कश्मीरी पंडित महिला ने फिल्म देखने के बाद अपनी समीक्षा दी थी। महिला ने एक वीडियो साझा किया था जिसमें उनका फिल्म के प्रति गुस्सा नजर आ रहा था। यह वीडियो खूब चर्चा में रहा। महिला ने वीडियो में कहा था- ‘ये आपका कॉमर्शियलिज्म आपको मुबारक हो। एक कश्मीरी पंडित होने के नाते मैं आपकी फिल्म को अस्वीकार करती हूं।’
‘शिकारा’ फिल्म सात फरवरी को रिलीज हुई थी। इस फिल्म को रिलीज हुए छह दिन हो चुके हैं। इन छह दिनों में ‘शिकारा’ फिल्म ने अभी तक 6.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। जहां एक ओर इस फिल्म पर सवाल खड़े हो रहे हैं तो वहीं रिलीज से पहले स्पेशल स्क्रीनिंग में भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी भी मौजूद थे।
आडवाणी जी फिल्म देखने के बाद भावुक हो गए थे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर निर्देशक विधु विनोद चोपड़ा ने खुद साझा किया था। विधु ने वीडियो साझा करते हुए लिखा था- ‘लाल कृष्ण आडवाणी ने देखी शिकारा। फिल्म के लिए आपकी प्रशंसा और आपके आशीर्वाद के लिए हम आभारी हैं।’



