पटना. रेलवे ग्रुप डी और एनटीपीसी (NTPC Result Protest) की परीक्षा को लेकर पिछले कुछ दिनों से बिहार में छात्रों द्वारा किए जा रहे बवाल के बाद उस वक्त नया मोड़ आ गया जब पटना के पत्रकार नगर थाने में चर्चित कोचिंग संचालक और यूट्यूबर खान सर (Khan Sir) समेत कई लोगों पर केस दर्ज कर दिया गया. पटना स्थित पत्रकार नगर थाने के थानाध्यक्ष मनोरंजन भारती ने अपने खुद के बयान पर पत्रकार नगर थाने में केस (FIR Against Khan Sir) दर्ज किया है. बिहार पुलिस सेवा के पुलिस इंस्पेक्टर मनोरंजन भारती ने एफआईआर में इस बात की चर्चा की है कि पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल पर एवं उसके सामने की सड़क पर जमा होकर उपद्रव करने के बाद कुछ छात्रों को हिरासत में लेते हुए पूछताछ किया तो कई खुलासे हुए.
थानेदार के बयान के मुताबिक किशन कुमार उम्र 21 साल, रोहित कुमार उम्र 23 साल, राजेंद्र कुमार, विक्रम कुमार ने पूछताछ के क्रम में बताया कि हम लोगों को यहां पर आने के लिए खान सर, एसके झा सर, नवीन सर, अमरनाथ सर, गगन प्रताप सर, गोपाल वर्मा सर और बाजार समिति के विभिन्न कोचिंग संस्थान के संचालकों द्वारा मार्गदर्शन किया गया है. अगर पुलिस नहीं आती तो हम लोग तोड़फोड़ कर दंगा करने के फिराक में यहां पर आए थे.



