दिल्ली आईआईटी में एक दिसंबर से नौकरियों का पिटारा खुलने जा रहा है। एक दिसंबर से मई 2019 तक कैंपस प्लेसमेंट चलेगा। जिसमें पूरे विश्व से 350 से अधिक कंपनियां भाग लेने पहुंच रही हैं। यहां इंजीनियरिंग और मैनेजमेंट के छात्रों को इंटरव्यू के आधार पर ऑफर लेटर मिलेंगे।
ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट यूनिट के प्रमुख प्रो. एस धर्मराजा के मुताबिक, 2018-19 सत्र के तहत कैंपस प्लेसमेंट की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्लेसमेंट में गूगल, फेसबुक सहित पूरे विश्व से कंपनी भाग लेने आ रही हैं जबकि पांच सौ से अधिक छात्रों को पहले ही नौकरी के लिए ऑफर लेटर मिल चुका है।
आईआईटी दिल्ली की उद्योग संपर्क अधिकारी अनिशया मदान के मुताबिक, बाजार और उद्योग जगत में प्लेसमेंट के लिए अच्छा रुझान देखने को मिल रहा है। उम्मीद है कि इस सीजन में अधिक से अधिक छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट में चुना जाएगा।




