वाराणसी के चेतगंज थाना क्षेत्र के काली महाल क्षेत्र में शनिवार सुबह पिशाचमोचन की गद्दी और संपत्ति विवाद में पूजा कराने जा रहे कर्मकांडी ब्राह्मण और पत्नी की घर में नृशंस हत्या कर दी गई। चार-पांच हौसला बुलंद बदमाशों ने बड़े लड़के पर भी फायरिंग की, पर वह बाल-बाल बच गया। घटना को लेकर क्षेत्र में अफरा-तफरी और डर का माहौल है।
कृष्ण कांत उपाध्याय(52) की पिशाचमोचन में पूजा पाठ कराने की गद्दी है। पिछले कई साल से गद्दी और कालीमहाल स्थित घर को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर शुक्रवार को भी झगड़ा हुआ था। रोज की तरह कृष्णकांत पिशाचमोचन जाने के लिए घर से निकले थे।
घर के सामने ही हथियारों से लैस चार-पांच हौसला बुलंद बदमाशों ने कृष्ण कांत पर फायर झोंक दिया। इसके बाद बदमाश घर मे घुस गए और छत पर मौजूद पत्नी पर भी हमला बोल दिया। गोली मारने के साथ ही धारदार हथियारों से भी वार कर ममता(46) को मौत के घाट उतार दिया।



