शातिर चोर साहिबाबाद थाने के मालखाने का ताला तोड़कर लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए.
उत्तर प्रदेश में चोरों के हौसले कितने बुलंद हैं इसका अंदाजा गाजियाबाद में हुई चोरी की घटना से लगाया जा सकता है. शातिर चोर साहिबाबाद थाने के मालखाने का ताला तोड़कर लाखों का सामान लेकर चंपत हो गए. जिसमें लाखों रुपये की बैटरी समेत कीमती सामान चोरी करके ले गए हैं. बेखौफ चोर यहां जब्त की गईं दो लग्जरी कारों के पार्ट्स भी चोरी करके ले गए. घटना 19 मई की है लेकिन पुलिस ने घटना की जानकारी को दबाए रखा. कोर्ट में लंबित मामलों से जुड़े होने के कारण मालखाना इंचार्ज ने अपने थाने में ही चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस मामले की जांच कर रही है. गाजियाबाद में हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन को सवालों के घेरे में लाकर खड़ा कर दिया. किसी भी थाने के माल खाने में कई सुरक्षाकर्मी मौजूद रहते हैं. ऐसे में इतनी बड़ी घटना की किसी को भनक न लगना लोगों के गले से नहीं उतर रहा है. फिलहाल पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है.



