राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां एक शख्स ने अपनी पत्नी और तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी आत्महत्या कर ली।
घटना गाजियाबाद जिले के मसूरी की है। शताब्दीपुरम में आइडियल कॉलेज के पास प्रदीप नाम के व्यक्ति ने अपने पूरे परिवार पत्नी और तीन लड़कियों को मारकर खुद भी आत्महत्या कर ली।
पुलिस मौके पर पहुंची। सभी शवों को संजय नगर अस्पताल में रखवाया। बताया जा रहा है कि मौके से सुसाइड नोट मिला है। इस नोट में आरोपी युवक ने लिखा है कि उसकी पत्नी को उसपर शक था इसलिए उसने उन सभी की हत्या कर दी और खुद को भी मौत की नींद सुला लिया।
इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों में कोहराम मचा है, सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। एसएसपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।



