अगर आप बर्फबारी का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो यही समय सबसे सही है। नैनीताल में शुक्रवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। वहीं, धनोल्टी, औली और मुनस्यारी की वादियां भी बर्फ से लकदक हो गई हैं। तस्वीरें देखकर आप भी आए बिना रह नहीं पाएंगे।
पूरा प्रदेश इस वक्त बर्फ से ढका हुआ है। नैनीताल के आसपास के क्षेत्रों में इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऐसे में आप घूमने का प्लान बना रहे हैं तो उत्तराखंड की खूबसूरत वादियां आपका इंतजार कर रही हैं। इससे पर्यटन व्यवसायी भी बेहद खुश हैं।
बागेश्वर जिले के कपकोट क्षेत्र में खाती, बाछम, लोधुरा लीती, कर्मी विनायल, कर्मी तोली, धाकुड़ी, खलीधार से लेकर पिथौरागढ़ के मुनस्यारी और धारचूला की ऊंची चोटियों पर जमकर बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में हल्की बारिश हुई।
हिमपात से खुश पर्यटक औली की तरफ उमड़ पड़े हैं। हालांकि अभी रास्ता बंद है। लेकिन जो पर्यटक वहां पहुंचे हैं वे बर्फ से लकदक ढलानों पर स्कीइंग का खूब मजा ले रहे हैं।
आईटीबीपी से मिली जानकारी के अनुसार गूंजी में 8 सेमी, कालापानी मे 15 सेमी, नाभीढ़ाग में 39 सेमी, कूटी मे 40 सेमी बर्फबारी अभी भी बर्फबारी लगातार जारी है। गूंजी मेंं -2, कालापानी मे -5 डिग्री, कूटी में -10 डिग्री तापमान पहुंच गया है। कालापानी से करीब 20 किमी आगे तक कालीनदी पूरी तरह से जम गई है।
धारचूला के गुंजी, कुटी, कालापानी, गर्ब्यांग, छियालेख में 2 से 20 सेंटीमीटर तक बर्फ गिरी है। सैलानी बर्फबारी का लुत्फ उठाते नजर आए। कई जगह लोग अलाव सेंकते नजर आए तो सड़कों पर भी आवाजाही कम दिखी।



