ब्रिटेन के एक 99 वर्षीय शख्स ने कोरोना वायरस को लेकर मेडिकल स्टाफ की मदद के लिए जो प्रयास किया है उसकी पूरी दुनिया में तारीफ हो रही है। सेकंड वर्ल्ड वॉर के हीरो रहे टॉम मूर इसी महीने के आखिरी में 100 वर्ष के हो जाएंगे। मूर ने अपने घर के 25 मीटर के बगीचे में ही दौड़ लगाकर दुनिया के करीब 53 देशों से डेढ़ करोड़ डॉलर की रकम इकट्ठा कर ली है, जिसे वे इन एनएचएस कर्मियों को दान करेंगे। उनका कहना है कि ज्यादातार उन देशों ने दान दिया, जिनके खिलाफ उन्होंने दूसरे विश्वयुद्ध में लड़ाई लड़ी थी।
अपने 100वें जन्मदिन पर मूर का लक्ष्य इस बागान के 100 चक्कर लगाने का है। शरीर के कई ऑपरेशन और कैंसर जैसी घातक बीमारी को मात दे चुके मूर का लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा राशि इकट्ठा करने की है ताकि वे सभी पैसों को इन वॉरियर्स को दान कर सकें। उन्होंने बताया कि ये स्वास्थ्यकर्मी शानदार काम कर रहे हैं और हम इस लड़ाई में जरूर जीतेंगे। सोशल मीडिया पर जस्ट गिविंग नामक उनके डोनेशन पेज को दुनिया भर से समर्थन भी मिल रहा है। अबतक करीब 6 लाख लोगों ने उनकी मुहिम को आगे बढ़ाते हुए दान दिया है।
|