टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने साल 2018-19 आईसीसी अवॉर्ड्स में इतिहास रच दिया। कोहली को क्रिकेटर ऑफ द ईयर के लिए सर गारफील्ड सोबर्स का अवॉर्ड मिला। इसके साथ ही उन्हें साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर और वन-डे क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया।भारतीय कप्तान को पहली बार टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया। इसके अलावा वह लगातार दूसरे साल आईसीसी वन-डे क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी बने। यही नहीं, कोहली को आईसीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ वन-डे और टेस्ट टीम का कप्तान भी बनाया गया। विराट कोहली ये तीनों शीर्ष अवॉर्ड्स (साल का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर, साल का सर्वश्रेष्ठ टेस्ट क्रिकेटर और साल का सर्वश्रेष्ठ वन-डे क्रिकेटर) जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्हें आईसीसी ने साल 2018 की सर्वश्रेष्ठ वन-डे और टेस्ट टीम का कप्तान भी बनाया है। कोहली ने लगातार दूसरे वन-डे क्रिकेटर ऑफ द ईयर का अवॉर्ड जीता। पिछले साल विराट कोहली को आईसीसी वन-डे क्रिकेटर ऑफ द ईयर चुना गया था। तब उन्होंने 133.55 की औसत से कुल 1202 रन बनाए थे। इसी साल उन्होंने वन-डे में सबसे तेज 10 हजार रन बनाने की उपलब्धि भी हासिल की थी। अवॉर्ड जीतने के बाद कोहली ने कहा, ‘यह शानदार एहसास है। यह सालभर की कड़ी मेहनत का फल है। मुझे काफी अच्छा महसूस हो रहा है और मेरे साथ टीम भी अच्छा प्रदर्शन कर रही है, इसकी सबसे ज्यादा खुशी है। आईसीसी द्वारा वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने से आप बतौर क्रिकेटर काफी गर्व महसूस करते हैं क्योंकि आपको पता है कि कई खिलाड़ी क्रिकेट खेल रहे हैं।’उन्होंने आगे कहा, ‘इस तरह अवॉर्ड मिलने से काफी गर्व महसूस हो रहा है क्योंकि इससे आपको बेहतर प्रदर्शन दोहराने में मदद मिलती है। आप क्रिकेट का स्तर ऊपर रखते हुए लगातार बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं। इस दृष्टिकोण से ये अवॉर्ड्स आपको अतिरिक्त प्रोत्साहित करते हैं।’
कोहली की अवॉर्ड्स में हैट्रिक, बने ICC क्रिकेटर ऑफ द ईयर, टेस्ट और वन-डे के बेस्ट प्लेयर चुने गए….
Recent Comments
on Hello world!



