Wednesday, July 15, 2026
Google search engine
Homeदेश और दुनियाअलविदा सुषमा स्वराज: तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार,...

अलविदा सुषमा स्वराज: तीन बजे राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री सहित बड़े नेताओं ने दी श्रद्धांजलि….

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया.

पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार रात निधन हो गया. वह 67 वर्ष की थीं. एम्स के सूत्रों ने बताया कि स्वराज को रात 10 बजकर 15 मिनट पर अस्पताल लाया गया और उन्हें सीधे आपातकालीन वार्ड में ले जाया गया. भाजपा की वरिष्ठ नेता का 2016 में गुर्दा प्रतिरोपित किया गया था और स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था. पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की पार्थिव देह बुधवार को तीन घंटे के लिए भाजपा मुख्यालय में रखी जाएगी जहां पार्टी कार्यकर्ता और नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बताया कि अंतिम संस्कार लोधी रोड स्थित शवदाह गृह में किया जाएगा. उनका अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा. एम्स के चिकित्सकों ने बताया कि हृदय गति रुकने से उनका निधन हो गया.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर मंगलवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि भारतीय राजनीति के एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया. मोदी ने स्वराज के निधन को ‘व्यक्तिगत क्षति’ बताया. मोदी ने ट्वीट किया, ‘असाधारण नेता के निधन से भारत शोकाकुल है.’ उन्होंने कहा कि वह भूल नहीं सकते कि कैसे पूर्व विदेश मंत्री बिना थके काम करती थीं. पीएम मोदी ने कहा, ‘यहां तक कि जब उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं था तब भी वह अपने काम के साथ न्याय करने के लिए जो कर सकती थीं करती थीं और अपने मंत्रालय के मसलों से वाकिफ रहती थीं.’

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, ‘भारतीय राजनीति में एक गौरवशाली अध्याय का अंत हो गया. भारत एक असाधारण नेता के निधन से शोकसंतप्त है, जिन्होंने जनसेवा और निर्धनों के जीवन में सुधार के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. सुषमा जी अपने आप में अलग थीं और करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणास्रोत थीं.’ पीएम ने स्वराज को असाधारण वक्ता और उत्कृष्ट सांसद बताया तथा कहा कि सभी राजनीतिक दलों के लोग उनकी प्रशंसा करते थे और उनका सम्मान करते थे. उन्होंने कहा, ‘जब बात विचारधारा की आती थी अथवा भाजपा के हितों की आती थी तो वह किसी प्रकार का समझौता नहीं करती थीं, जिसे आगे ले जाने में उनका बहुत योगदान था. एक उत्कृष्ट प्रशासक, सुषमा जी ने जो भी मंत्रालय संभाला, उसमें उच्च मानक स्थापित किए. उन्होंने विभिन्न देशों के साथ भारत के संबंधों को सुधारने में अहम भूमिका निभाई. एक मंत्री के तौर पर हमने उनका करुणामय पक्ष भी देखा जो विश्व के किसी भी कोने में परेशान भारतीय की मदद करता था.’

साथ ही उन्होंने कहा, ‘सुषमा जी का निधन एक व्यक्तिगत क्षति है. भारत के लिए उन्होंने जो कुछ भी किया, उसके लिए उन्हें याद किया जाएगा. इस बेहद दुर्भाग्यपूर्ण वक्त में उनके परिवार,समर्थकों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं. ऊं शांति.’

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने ट्वीट किया,‘‘सुषमा स्वराज के निधन के बारे में जानकर बेहद स्तब्ध हूं. देश ने एक प्यारा नेता खो दिया है जो सार्वजनिक जीवन में गरिमा, साहस और निष्ठा का प्रतीक था. दूसरों की मदद के लिए वह हमेशा तैयार रहती थीं. भारत की जनता की सेवा के लिए उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा.”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वह बेहद मूल्यवान सहयोगी के असामयिक निधन से गहरे सदमे और दुख में हैं. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा,‘‘सुषमा स्वराज के निधन के बारे में सुनकर बेहद स्तब्ध हूं. इस खबर को स्वीकार करना मुश्किल है, पूरा देश शोकाकुल है और उससे भी ज्यादा विदेश मंत्रालय.”
कांग्रेस पार्टी ने भी स्वराज के निधन पर दुख व्यक्त किया है. पार्टी ने कहा, ‘सुषमा स्वराज के असामयिक निधन के बारे में सुनकर हम दुखी हैं. उनके परिवार और स्नेही जनों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं.’ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘सुषमा स्वराज जी के निधन के बारे में सुनकर स्तब्ध हूँ. वह एक अद्भुत नेता थीं जिनकी पार्टी लाइन से इतर मित्रता थी.’ उन्होंने कहा, ‘दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है. ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें. ऊॅं शांति.’
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि देश ने एक महान नेता खो दिया. केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘भारत ने एक महान नेता खो दिया. सुषमा जी काफी जोशपूर्ण और विलक्षण इंसान थी. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे.’ वहीं दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट किया, ‘दिल्ली सरकार पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता आदरणीय सुषमा स्वराज जी के सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक मनाएगी.’ आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने भी स्वराज के निधन पर शोक जताया.
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने स्वराज को एक उत्कृष्ट राजनीतिज्ञ, एक अच्छा इंसान बताया और कहा कि उनके साथ उन्होंने ‘‘संसद में कई अच्छे पल बिताए.’ मुख्यमंत्री ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘सुषमा स्वराज जी के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख हुआ, 1990 के दशक से ही मैं उन्हें जानती थी. भले ही हमारी विचारधाराएँ भिन्न थीं, हमने संसद में कई सौहार्दपूर्ण पल साझा किए. एक उत्कृष्ट राजनेता, अच्छी इंसान. उनकी कमी खलेगी.
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments