अमेरिका ने अपने एफ 35 और एफ 15 लड़ाकू विमानों की मदद से इराक स्थित आतंकी संगठन आईएसआईएस के अड्डे वाले टापू पर 36 हजार किलो बम बरसाए। इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से आई जानकारी के अनुसार अमेरिका के लड़ाकू विमानों ने आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के ठिकाने पर भारी बमबारी की है। इस दौरान अमेरिका की ओर से आधुनिक एफ 35 और एफ 15 लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया और इनकी मदद से करीब 36 हजार किलो (40 टन) बम गिराए गए। यह बम तिगड़ी नदी में मौजूद एक टापू (आईलैंड) पर गिराए गए हैं।
गठबंधन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, ‘गठबंधन ने कहा कि F15 और F35 युद्धक विमानों ने राजधानी बगदाद के उत्तर में स्थित सलाहेद्दीन के मध्य प्रांत में किनूस द्वीप पर बमबारी की है।’ मंगलवार को हुआ यह हमला इराकी सुरक्षा बलों और आईएस के खिलाफ अमेरिकी नेतृत्व वाले गठबंधन की तरफ से चलाए जा रहे सैन्य ऑपरेशन के तहत किया गया। साल 2017 में आईएसआईएस को इराक में बुरी तरह खदेड़ा गया था और उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा था।
हाल में आईएस के स्लीपर सेल ने इराक में घातक बम धमाकों को अंजाम दिया था। आईएस ने सीरिया और इराक के बड़े क्षेत्रों पर कब्जा कर लिया था और यहां उन्होंने 2014 में खलीफा शासन घोषित कर दिया था। सेना द्वारा जारी किए गए एक वीडियो में बड़े पैमाने पर धमाके होते नजर आ रहे हैं और टापू पर हर तरफ धुएं का गुबार उठता हुआ नजर आ रहा है।
गौरतलब है कि बीते काफी समय से अमेरिका इराक में आईएसआईएस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और आतंकी अड्डों पर हवाई हमले कर रहा है जिसकी वजह से आईएसआईएस को बड़ा नुकसान हुआ है और उन्हें अपने कब्जे वाले इलाकों को गंवाना पड़ा है।



