महाराष्ट्र में कुछ महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर चर्चा का माहौल शुरू हो गया है। राज्य में भाजपा और शिवसेना मिलकर चुनाव लड़ते रहे हैं लेकिन दोनों के बीच अभी तक सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनी है। बुधवार को महाराष्ट्र के मंत्री दिवाकर राउते ने कहा था कि यदि शिवसेना को 244 में से 144 सीटें नहीं मिलीं तो गठबंधन टूट सकता है। जिसपर आज संजय राउत ने प्रतिक्रिया दी है।
राउत ने कहा, ‘अगर अमित शाह जी और सीएम के सामने 50-50 सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय किया गया था, तो उनका बयान गलत नहीं है। चुनाव साथ लड़ेंगे, क्यों नहीं लड़ेंगे।’ बता दें कि हर हाल में अपने दम पर बहुमत पाने का लक्ष्य लेकर चल रही भाजपा शिवसेना को सौ से अधिक सीटें देने को तैयार नहीं है। ऐसे में गठबंधन तभी बचेगा, जब शिवसेना झुकते हुए भाजपा की शर्त स्वीकार करेगी। हालांकि इसके आसार कम ही दिखाई दे रहे हैं।
दरअसल लोकसभा चुनाव में भाजपा को 140 से अधिक तो शिवसेना को करीब 80 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी। भाजपा इसी आधार पर शिवसेना को अधिकतम 100 सीट देने को ही तैयार है। साथ ही भाजपा की निगाहें इस कवायद के जरिए अपने दम पर बहुमत हासिल कर भविष्य में शिवसेना की तरफ से किसी भी तरह के दबाव का रास्ता बंद कर देने पर भी टिकी है।



