सरसों का इस्तेमाल हमारे दैनिक जीवन में आज से नहीं बल्कि बरसों से होता चला आया है। लेकिन हम में से ज्यादातर लोग इसे सिर्फ स्वाद और खाने में डाले जाने वाली एक सामग्री के तौर पर जानते हैं। इसका इस्तेमाल भी हम हमेशा खाना बनाने की चीजों में ही करते हैं। सरसों को अंग्रेजी में मस्टर्ड सीड, तमिल और मलयालम में कडूगु, तेलुगु में अवालू, बंगाली में मोहोरी और पंजाबी में राई कहते हैं। दुनिया भर में ये लगभग हर किचन का अहम हिस्सा है। लेकिन क्या आपको पता है कि सरसों के बीज (Sarso Seeds) में ऐसे कई औषधीय गुण हैं जो कई रोगों को जड़ से खत्म कर देते हैं। इसके इस्तेमाल से कैंसर, माइग्रेन, अस्थमा, कमर दर्द जैसे रोगों में भी फायदा होता है। तो आइये जानते हैं कि सरसों के बीज किन- किन रोगों से किस तरह से बचाते हैं और क्या हैं इनसे जुड़े दूसरे फायदे…
कैसे होते हैं सरसों के बीज – Mustard Seeds
भारत में मूंगफली के बाद सरसों दूसरी सबसे महत्वपूर्ण तिलहनी फसल है जो ज्यादातर राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा, पश्चिम बंगाल एवं असम में उगाई जाती है। इसका वैज्ञानिक नाम ब्रेसिका कम्प्रेसटिस होता है। इसमें पीले रंग के फूल लगते हैं जो तने और शाखाओं के ऊपरी भाग में स्थित होते हैं। इसकी फलियां पकने पर फट जाती हैं और बीज जमीन पर गिर जाते हैं। हर फली में सामान्य तौर पर 8 से 10 बीज होते हैं जो भूरे, काले और पीले रंग के होते हैं।
किन – किन चीजों में होता है सरसों के बीज का इस्तेमाल – Uses Of Mustard Seeds
भारतीय परिवारों में सरसों के बीज का इस्तेमाल ज्यादातर किचन में एक स्वाद बढ़ाने वाले मसाले के तौर पर किया जाता है। सरसों के बीज से बनने वाले तेल का उपयोग एक बड़े पैमाने में आमतौर पर खाना पकाने के लिये होता है। वहीं सरसों के बीज को तड़का लगाने व अचार को लंबे समय तक सही बनाए रखने और स्वाद बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। यही नहीं, सरसों के बीज के पाउडर का इस्तेमाल गार्निशिंग में भी किया जाता है। आपको पता नहीं होगा कि सरसों के बीज में कई प्रकार के औषधीय गुण होते हैं जिनकी वजह से इनका इस्तेमाल ब्यूटी प्रोडक्ट्स और कई रोगों की दवाएं बनाने में भी किया जाता है।
सरसों के बीज के फायदे – Benefits Of Mustard Seeds
सरसों का बीज हर घर में इस्तेमाल किये जाते हैं। कहीं तेल के रूप में तो कहीं तड़के या फिर अचार में स्वाद बढ़ाने के लिए। लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये बीज सिर्फ स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं इस्तेमाल होता है, बल्कि इसके कई हैरान कर देने वाले फायदे भी हैं। कई हेल्थ प्रॉब्लम्स में सरसों के बीज से बहुत आराम मिलता है। आइए आपको बताते हैं, सरसों के बीज और इसके तेल से जुड़े फायदे।
सुंदरता के लिए – Mustard Seeds For Skin
सेहत के लिहाज से अच्छा माने जाने वाले सरसों के बीज न केवल हमारी हेल्थ में बल्कि खूबसूरती में भी चार चांद लगाने का काम करते हैं। हेल्दी स्किन चाहिए तो सरसों के बीज का इस्तेमाल करें। आपको इसका रिजल्ट तुरंत ही नजर आ जायेगा। दरअसल, सरसों के बीज में कैरोटिन और लुर्टिन से भरपूर होते हैं और साथ ही इनमें विटामिन A,C और K भरपूर मात्रा में मौजूद होता है। यह सब पोषक तत्व मिलकर इसे एक बेहतर एंटीऑक्सीडेंट बनाते हैं। जो कि चेहरे पर बढ़ती उम्र के असर को धीमा करता है। सरसों के बीज (sarso ka beej) में एंटी फंगल गुण पाये जाते हैं जो स्किन इंफेक्शन को दूर करने के साथ ही आपकी स्किन को हाइड्रेटेड रखने में भी मदद करते हैं। इससे आपकी त्वचा निखरी और तरोताजा दिखाई देती है।
एंटीऑक्सीडेंट का काम करते हैं सरसों के बीज – Mustard Seeds Works As Antioxidants
सरसों के बीज में कैरोटिन, जेक्सैंथिन और विटामिन ए, सी और के की भरपूर मात्रा पाई जाती है। इन सभी विटामिन के कारण यह एक एंटीऑक्सीडेंट की तरह व्यवहार करता है, जो बढ़ती उम्र की निशानियां जैसे झुर्रियां और रिंकल्स को दूर करता है। साथ ही आपको लंबे समय तक जवां बनाये रखने में भी मदद करता है।
वजन कम करने के लिए – Mustard Seeds For Weight Loss
वजन कम करने के लिए भी सरसों के बीज काफी फायदेमंद साबित होते हैं। चाहे आप इनका सेवन पाउडर के तौर पर करें या फिर अपने भोजन में सिर्फ सरसों का तेल ही इस्तेमाल करें। सरसों कई तरह से वजन कम करने में मददगार साबित होती है। दरअसल, सरसों के बीज में बी कॉम्प्लेक्स विटामिन जैसे फोलेट, नियासिन, थियामिन, और राइबोफ्लेविन होते हैं, जिनसे बॉडी का मेटाबॉलिज्म अच्छा बना रहता है।
घने, काले और लंबे बाल – Mustard Seeds For Hair
सरसों के बीज बालों के लिए रामबाण औषधि है। घने, काले और लंबे बाल चाहिए तो हफ्ते में कम से कम 3 बार सरसों के तेल से सर की मालिश जरूर करें। इससे बाल की ग्रोथ तो अच्छी होती ही है, साथ ही शरीर का ब्लड सर्कुलेशन भी बढ़ता है। सरसों का तेल समय से पहले बाल सफेद हो जाने वाली समस्या को रोककर स्वाभाविक रूप से आपके बालों को काला करने में मदद करता है। साथ ही सरसों के बीज बालों के लिए नैचुरल कंडीशनर का काम करते हैं। इसमें मौजूद फैटी एसिड बालों को अंदर गहराई से कंडीशनिंग करता है और साथ ही यह बालों को चमकदार और घना भी बनाता है।
पीरियड्स में लाभकारी – Mustard Seeds For Periods
पीरियड्स के दौरान महिलाओं के लिए सरसों के बीज का उपयोग काफी फायदेमंद साबित होता है। इसमें तांबे, लोहे, मैग्नीशियम और सेलेनियम जैसे अनेक पोषक तत्व पाए जाते हैं। इनसे हाई ब्लड प्रेशर और पीरियड्स के दर्द में राहत मिलती है। पीरियड्स के उन 5 दिनों में महिलाओं की हड्डियों को होने वाले नुकसान को रोकने में मदद मिलती है। इसीलिए बड़े- बुजुर्ग पीरियड्स के समय महिलाओं को सरसों का साग खाने की सलाह देते हैं। यह हड्डियों में मैग्नीशियम की मात्रा को बढ़ाने में भी उपयोगी होता है और ऑस्टियोपोरोसिस के जोखिम को भी कम करने में मदद करता है।
इन बीमारियों के लिए औषधि का काम करते हैं सरसों के बीज – Health Benefits Of Mustard Seeds
डायबिटीज़ – Mustard Seeds For Diabetes
सरसों के बीज डायबिटीज जैसी लाइफस्टाइल बीमारी से भी मुक्ति दिलाते हैं। एक रिसर्च में ये तथ्य सामने आया है कि सरसों के बीज में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं जो कि को स्ट्रेस को शरीर पर हावी होने से रोकता है। यही नहीं शोधकर्ता इस बात का भी पता लगा रहे हैं कि सरसों के बीज ग्लूकोज को कैसे कम कर सकता है।
कैंसर – Mustard Seeds For Cancer
सरसों के बीज में कैंसर को रोकने वाला गुण ग्लूकोजेल ओलेट (glucogel olet) होता है, जो कैंसर वाले ट्यूमर और गांठ के साथ कैंसर कोशिकाओं को बनने से रोकता है। सरसों में फाइटोन्यूट्रिएंट्स (phytonutrients) भी पाया जाता है जो विशेष तौर पर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर से बचाव रोकने में मदद करता है। रोजाना सरसों खाने से कैंसर होने की आशंका कम हो जाती है।
माइग्रेन – Mustard Seeds For Migraine
माइग्रेन का दर्द इतना भयंकर होता है जैसे कोई सिर पर हथौड़े मार रहा हो। यह दर्द सिर के आधे हिस्से में होता है तो कभी-कभी पूरे सिर में भी होने लगता है। ऐसे में सरसों के बीज इस दर्द के लिए रामबाण औषधि के रूप में काम करता है। क्योंकि इसमें मौजूद मैग्नीशियम माइग्रेन की समस्या को कम करने में मदद करता है।



