Wednesday, July 15, 2026
Google search engine
Homeस्वास्थ्यहर किसी को समय-समय आती है जम्हाई, जानिए क्या है कारण...

हर किसी को समय-समय आती है जम्हाई, जानिए क्या है कारण…

 आप किसी से बात कर रहे हों और उसे जम्हाई आ जाए, तो अक्सर बुरा लगता है। हम यह अनुमान लगाते हैं कि बात करने में सामने वाले की रुचि नहीं है। यह सच नहीं है। जम्हाई या उबासी मूलत: ऐसी क्रिया है, जिस पर किसी का जोर नहीं चलता। किसी भी वक्त और किसी भी परिस्थिति में व्यक्ति को जम्हाई आ सकती है।

जम्हाई क्यों आती है, यह सवाल वर्षो से वैज्ञानिकों के समक्ष पहेली बना हुआ है। 30 साल पहले तक आमतौर पर यह वैज्ञानिक सिद्धांत स्वीकार्य था कि शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाने के उद्देश्य से दिमाग हमें जम्हाई के लिए प्रेरित करता है। वैज्ञानिकों का कहना था कि जम्हाई के जरिये शरीर में एकमुश्त ऑक्सीजन पहुंचती है। ऑक्सीजन वाली यह धारणा 1987 में एक के बाद एक हुए कई प्रयोगों में ध्वस्त हो गई थी।

दिमाग को मिलती है ठंडक
जम्हाई को लेकर नया सिद्धांत कहता है कि यह दिमाग को ठंडक पहुंचाने की प्रक्रिया है। स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ न्यूयॉर्क पॉलीटेक्निक इंस्टीट्यूट में साइकोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर एड्र्यू गैलप ने कहा, ‘यह क्रिया व्यक्ति की सतर्कता बढ़ाती है। इसमें जबड़ों में खिंचाव के साथ गहरी सांस ली जाती है। इस प्रक्रिया से हमारी खोपड़ी तक रक्त संचार बढ़ता है।’ हालांकि अब भी वैज्ञानिक इस बात पर एकमत नहीं हैं कि जम्हाई आने का असल कारण क्या है।

कब आती है जम्हाई?
जम्हाई आने के कारण की तरह ही इसके आने के समय को लेकर भी कोई नियम नहीं है। व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में जम्हाई आ सकती है। रात में सोने की तैयारी करते समय भी जम्हाई आती है और सुबह नींद पूरी होने के बाद जागने पर भी जम्हाई आती है। कुछ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब वह किसी जटिल परिस्थिति का सामना करने के लिए निकल रहे होते हैं, तो अक्सर उन्हें जम्हाई आ जाती है। अब तक जम्हाई से शरीर पर पड़ने वाले किसी असर को लेकर प्रमाण नहीं मिला है।

देखकर रुकना मुश्किल
जम्हाई को लेकर एक बात स्पष्ट है कि किसी को जम्हाई लेता देखकर जम्हाई जरूर आती है। आपके सामने कोई व्यक्ति जम्हाई ले रहा हो, तो आपके लिए भी रुकना मुश्किल हो जाता है। इंसानों ही नहीं, बल्कि जानवरों में भी ऐसा ही होता है। आपको देखकर आपके पालतू कुत्ते को भी जम्हाई आ सकती है। संभावना तो यह भी है कि इस खबर को पढ़ते हुए भी आपको कई बार जम्हाई आ जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments