Tuesday, July 14, 2026
Google search engine
Homeसंघर्ष की कहानियाकपिल शर्मा: आसमान से ज़मीन तक का सफ़र...

कपिल शर्मा: आसमान से ज़मीन तक का सफ़र…

वर्षों तक अपनी कॉमेडी से दिलों पर राज करने वाले कपिल शर्मा आजकल एक नई जंग लड़ रहे हैं. सफलता के शिखर से एकाएक वे विवादों में घिर गए हैं. उनका नया टीवी शो दो सप्ताह में ही ऑफ़ एयर हो गया है.

जिन साथी कलाकारों के साथ मिलकर उन्होंने कॉमेडी की दुनिया को नई पहचान दी, उनमें से ज़्यादातर उनसे अलग हो गए हैं. ऐसी रिपोर्टें हैं कि उनकी तबीयत ठीक नहीं हैं. एक रिपोर्टर से उनकी लड़ाई चर्चा का विषय बनी हुई है और मामला पुलिस के पास पहुँच गया है.

बॉलीवुड के स्टार हों या फिर नामी-गिरामी क्रिकेटर एक समय उनके शो में आने को लालायित रहते थे, उनके शो की टीआरपी आसमान छू रही थी. अभिनय की दुनिया में भी वे अपना हाथ आज़मा रहे थे. ऐसा क्या हो गया कि कॉमेडी के इस स्टार के सितारे गर्दिश में चल रहे हैं?

उनके साथी कलाकारों की उनके बारे में अलग-अलग राय है. कोई ये कह रहा है कपिल ने जो बोया है, वही काट रहे हैं, तो कोई कह रहा है कि ये कपिल का बुरा दौर है और हर किसी के जीवन में बुरा दौर आता है.

कपिल शर्मा के कॉमेडी शो में बुआ बनीं उपासना सिंह कहती हैं, “फ़िल्म इंडस्ट्री में हर आर्टिस्ट का फेज़ होता है. एक पल उसके पास बहुत काम होता है और वो सफलता के सबसे ऊंचे पायदान पर होता है तो दूसरे ही पल कोई काम नहीं होता.”

सफलता अपने साथ बहुत सारे विवाद लेकर आती है. लेकिन जानकारों की मानें तो कपिल की असली मुश्किल उस समय शुरू हुई जब पिछले साल सुनील ग्रोवर से उनकी लड़ाई हुई. सुनील के साथ-साथ कई कलाकार उनके शो से अलग हो गए. कपिल को शायद इसका अहसास नहीं था कि सुनील ग्रोवर और बाक़ी कलाकारों का उनसे अलग होना उन पर इतना भारी पड़ेगा.

सुनील ग्रोवर और कई अन्य कलाकारों के शो छोड़ने के बाद कपिल ने सोनी टीवी के अपने कार्यक्रम ‘द कपिल शर्मा शो’ में कई प्रयोग किए. लेकिन वो चल नहीं पाया. उस समय कपिल शर्मा की फ़िल्म ‘फ़िरंगी’ आने वाली थी और कपिल को भरोसा था कि इस फ़िल्म से वे सफलता की नई कहानी लिखेंगे और अपने आलोचकों को मुँहतोड़ जवाब भी देंगे.

लेकिन ऐसा हुआ नहीं. कपिल की फ़िल्म फ़्लॉप हुई और शो से ब्रेक लेने की उनकी रणनीति भी पिट गई. और अब जब वे दोबारा एक नया शो लेकर आए, तो लोगों को वो कपिल देखने को नहीं मिला, जिसे वे टीवी पर देखते आए हैं. फिर पत्रकार से लड़ाई और गाली गलौच ने विवादों को और गहरा कर दिया. अब तो शो भी ऑफ़ एयर हो गया है.

ऐसी ख़बरें हैं कि उनकी सेहत ठीक नहीं चल रही है. कपिल शर्मा के शो का अहम हिस्सा रही उपासना सिंह की मानें तो कपिल डिप्रेशन में हैं.

बीबीसी से बातचीत में उपासना ने कहा, “कपिल की फ़िल्म में दिक़्क़त आ गई. शो इतना नहीं चला जबकि पहला शो बहुत हिट था. फिर झगड़े हो गए. वो प्रेशर में आ गया. चीज़ो को संभाल नहीं पाया. वो शारीरिक और मानसिक परेशानी में चला गया है. वो डिप्रेशन में चला गया है. इतनी टेंशन के कारण उसे ये फेज़ देखना पड़ रहा है.”

कपिल को अपना छोटा भाई मानने वाली उपासना का कहना है- कपिल मध्यमवर्गीय परिवार से आता है. उसकी सबसे बेहतरीन ख़ूबी है कि वो सबकी परवाह करता है. दिल का साफ़ है, जो उसके दिल में होता है वो कह देता है. उसे ग़ुस्सा, तकलीफ़ छुपाना नहीं आता. इसलिए शायद कपिल को बहुत सारी तकलीफ़ों का सामना करना पड़ता है. वो इंसान है भगवान नहीं. बार-बार उसे भला-बुरा कहेंगे तो ग़ुस्सा तो आएगा ही और ग़ुस्से में लोग अक्सर अपना आपा खो देते है.

लाफ़्टर चैलेंज से कपिल के दोस्त रहे सुनील पॉल उन्हें बड़े दिलवाला मानते हैं.

पूरे विवाद को कपिल को बदनाम करने की साज़िश मानने वाले सुनील पॉल का कहना है, “कपिल जब करियर के शिखर पर थे तब उन्होंने कई पुराने बेरोज़गार दोस्तों को अपने शो में काम दिलवाया. वे कई लेखकों को सिर्फ़ बैठने और टीम में शामिल होने के पैसे दिया करते थे ताकि उनकी रोज़ी-रोटी चल सके.”

कपिल शर्मा को शो का अहम हिस्सा रहीं हैं सुगंधा मिश्रा. कपिल शर्मा कॉलेज में सुगंधा मिश्रा के सीनियर थे.

जब लाफ़्टर चैलेंज के चौथे सीज़न के लिए महिला कंटेस्टेंट की खोज हो रही थी तब कपिल शर्मा ने सुगंधा मिश्रा के नाम का सुझाव दिया. सुगंधा के परिवार वाले सुगंधा को मुंबई भेजने के लिए राज़ी नहीं थे तब कपिल ने परिवार वालों को समझाया और भरोसा दिलाया. तब जाकर सुगंधा मुंबई आ सकीं और कार्यक्रम में भाग लिया.

फ़िलहाल सुगंधा टीम के साथ कपिल की अनबन होने के बाद से उनके संपर्क में नहीं है लेकिन उन्होंने साफ़ किया कि निजी तौर पर उनकी कपिल से कोई लड़ाई नहीं है. कपिल को भैया कहने वाली सुगंधा मिश्रा फ़िलहाल सुनील ग्रोवर के साथ उनके नए शो ‘दे दना दन’ में व्यस्त है और कपिल के साथ शो पर बुलावा आएगा तो वे ज़रूर जाएंगी.

लंबे समय तक कपिल शर्मा से जुड़ी रहीं पूर्व मैनेजर प्रीति सिमोन कहती हैं, “एक इंसान जो नंबर वन पोज़ीशन पर था वो वहां कैसे पहुंचा? इसकी वजह आर्टिकल्स नहीं हो सकती. मैं कपिल को जानती हूं. वो बेहतरीन कलाकार है. आपने ज़िंदगी में कुछ फ़ैसले किए, फ़िल्में बनानी चाही, शो करना चाहा, शादी करनी चाही, ये सभी फ़ैसले आपके थे. अगर आपके फ़ैसले परेशानी का कारण हैं तो उन पर काम कीजिए, दूसरों पर इल्ज़ाम न लगाइए.”

प्रीति के मुताबिक़ कपिल जब तक उनके साथ था, ठीक था. उनकी कपिल से गुज़ारिश है कि वो अपनी सेहत का ध्यान रखे क्योंकि बाक़ी सारी चीज़ें आती-जाती रहेंगी. उपासना ने बताया कि वो हाल ही में कपिल से नहीं मिलीं लेकिन शो के दूसरे सदस्य मिले हैं.

फ़िलहाल कपिल मुंबई से बाहर है. उपासना को लगता है फ़िलहाल काम से ब्रेक लेकर उन्हें अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ वक़्त गुज़ारना चाहिए. उपासना को उम्मीद है कि सारे झगड़े सुलझ जाएंगे और कपिल डिप्रेशन से निकल आएंगे.

कपिल का उतार-चढ़ाव भरा सफ़र

कपिल ने 2007 में अपने हुनर की बदौलत लाफ़्टर चैलेंज 3 जीतकर इंडस्ट्री में कदम रखा. 2013 में ‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ शुरू करने से पहले वे कॉमेडी सर्कस का हिस्सा रहे.

‘कॉमेडी नाइट्स विद कपिल’ ने उन्हें बतौर कलाकार बेशुमार सफलता दी. तीन साल तक शो नंबर वन रहा और कपिल शर्मा भारत के हर घर में जाना-पहचाना नाम बन गया.

इस शो की पॉपुलैरिटी का अंदाज़ा इस बात से लगाइए कि दर्शक गुत्थी, दादी, पलक और बुआ के क़िरदार निभाने वाले अदाकारों सुनील ग्रोवर, अली असग़र, कीकू शारदा और उपासना सिंह को उनके असल नाम से कम और शो के नामों से ज़्यादा जानते हैं.

शो की बढ़ती शोहरत देखकर बॉलीवुड की बड़ी-बड़ी हस्तियां वहां अपनी फ़िल्म का प्रमोशन करने पहुंचने लगीं.

शाहरुख़ ख़ान, सलमान ख़ान, अक्षय कुमार, अभिताभ बच्चन, अनुष्का शर्मा, अनिल कपूर, दीपिका पादुकोण, सोनाक्षी सिन्हा, विद्या बालन, प्रियंका चोपड़ा, रणबीर कपूर, धर्मेंद्र, जितेंद्र, करीना कपूर जैसे बड़े बॉलीवुड स्टारों का आना शो का रूटीन बन गया.

फ़िल्म जगत के अलावा खेल जगत से भी मेहमान इस शो का हिस्सा बने जिनमें सानिया मिर्ज़ा, शोएब अख़्तर और हरभजन सिंह शामिल थे. शो ने कपिल शर्मा को भी एक सेलेब्रिटी का दर्जा दिला दिया.

उन्होंने न सिर्फ़ करण जौहर के साथ 60वां फ़िल्मफ़ेयर अवॉर्ड शो होस्ट किया बल्कि 2015 में अब्बास मस्तान के निर्देशन में अपनी पहली बॉलीवुड फ़िल्म ‘किस-किस को प्यार करूं’ में भी काम किया.

हालांकि ये फ़िल्म उम्मीद के मुताबिक़ कारोबार नहीं कर पाई.

2016 में कलर्स चैनल के साथ अनबन होने के बाद कपिल का शो बंद हो गया और कपिल शर्मा ने सोनी चैनल के साथ ‘द कपिल शर्मा शो’ शो शुरू किया जिसमें चम्पू शर्मा, डॉक्टर मशहूर गुलाटी, रिंकू देवी और नानी जैसे क़िरदार मशहूर हुए.

लेकिन उसी साल फिर कपिल शर्मा विवादों के घेरे में आ गए जब उन्होंने BMC के कर्मचारियों पर घूसखोरी का आरोप लगाते हुए नरेंद्र मोदी को ट्विटर पर टैग किया. जिसके बाद उनके ओशिवाड़ा ऑफ़िस में हुए अवैध निर्माण का मामला सामने आया. हालांकि कपिल शर्मा ने दावा किया कि बिल्डिंग में निर्माण स्वीकृत प्लान के मुताबिक़ हुआ था.

2017 में कपिल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें उनके सहकलाकार सुनील ग्रोवर के साथ कपिल अभद्र भाषा में बात करते नज़र आए. इस विवाद ने तूल पकड़ा और ज़्यादातर शो कलाकारों ने शो छोड़ दिया.

शो से अंतराल लेकर कपिल अपनी दूसरी फ़िल्म ‘फ़िरंगी’ पर व्यस्त हो गए.

फ़िल्म फ़्लॉप रही. कपिल ने टीवी पर वापसी करनी चाही पर ख़राब सेहत के कारण आए दिन शो की शूटिंग कैंसल होती रही.

हाल ही में कपिल शर्मा एक नए विवाद का हिस्सा बन गए जब उन्होंने एक पत्रकार पर अपने ट्वीट के ज़रिए आरोप लगाया कि कथित पत्रकार उन्हें नीचा दिखाने की कोशिश कर रहा है और ये पैसे ऐंठने की साज़िश है.

बाद में उस पत्रकार ने आरोप लगाया कि कपिल शर्मा ने फोन करके उन्हें गालियाँ दी हैं. दोनों ने एक-दूसरे के ख़िलाफ़ एफ़आईआर किया है.

कपिल के प्रशंसक इस सारे मामले से निराश ज़रूर होंगे. मध्यवर्गीय परिवार से आने वाले कपिल शर्मा ने ये मुकाम हासिल करने के लिए काफ़ी संघर्ष किया है. उनका सफ़र आसान नहीं रहा है. लेकिन उनके प्रशंसक ज़रूर चाहेंगे कि कपिल अपने पुराने साथियों के साथ एक बार फिर उस रंग में नज़र आएँ, जिसके कारण वे लोकप्रियता के शिखर पर पहुँचे थे. लेकिन इसके लिए उन्हें कितना इंतज़ार करना पड़ेगा, इसका जवाब फ़िलहाल किसी के पास नहीं.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments