हेमकुंड साहिब में ग्लेशियरों की तलहटी से निकल रही हेमगंगा के मुहाने पर जहां कूड़े के ढेर लगे रहते थे वहीं अब फूल पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेंगे। ईडीसी (ईको डेवलपमेंट कमेटी) व गुरुद्वारा प्रबंधक की पहल पर यहां फूलों के पौधे रोपे गए हैं।
हेमकुंड साहिब में हेमगंगा के मुहाने पर कूड़े के ढेर लगे हुए थे। अमर उजाला ने छह जुलाई के अंक में ‘हेमकुंड साहिब में हेमगंगा के मुहाने पर फैली गंदगी’ की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए हेमकुंड ट्रस्ट ने सात जुलाई को हेमकुंड में सफाई अभियान चलाकर कूड़े का निस्तारण किया था। क्षेत्र में साफ-सफाई का जिम्मा संभाल रही संस्था ईडीसी (ईको डेवलपमेंट कमेटी) भ्यूंडार और हेमकुंड ट्रस्ट की ओर से बुधवार को गंदगी वाले स्थान पर फूलों के पौधे रोपे गए। यह इसलिए किया गया कि यहां कोई भी व्यक्ति कूड़ा न फेंक सके। हेमगंगा के मुहाने पर कूड़ा डालने से पर्यावरण को भी नुकसान हो रहा था। ईडीसी के अध्यक्ष शेखर चौहान ने बताया कि हेमगंगा के किनारे एनीमोन, विस्टोटा और ब्रह्मकमल प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया है। हेमकुंड साहिब में तैनात यात्रा मजिस्ट्रेट अजय वीर सिंह ने बताया कि आस्था पथ और हेमकुंड में कूड़ा निस्तारण के लिए व्यवसायियों को 50 कूड़ेदान भी वितरित किए गए हैं।



