सुखदेव नगर से छह दिन से लापता प्रॉपर्टी डीलर नरेश शर्मा की पैसों के लेनदेन के चलते पैराडाइस कार बाजार कंपनी के मालिक सहित तीन आरोपियों ने मिलकर गला घोंटकर हत्या कर दी। पैराडाइस कंपनी के मालिक ने नरेश से 15 लाख उधार लिए थे, जिसमें से 8 लाख वह वापस कर चुके थे, लेकिन नरेश ने बकाया 7 लाख देने का भी दबाव बनाया तो उन्होंने हत्या से एक माह पहले पूरी प्लानिंग की और उसमें उन्होंने कुल दो लोगों को और जोड़ा।
वह 6 फरवरी को बकाया पैसे देने के बहाने सेक्टर 13-17 स्थित अपने ऑफिस ले गए और वहां पर तीनों ने डीलर की गला घोंटकर हत्या की। उसके बाद डीलर की गाड़ी में उसका शव डाला और दो गाड़ियों के साथ करनाल की तरफ चल दिए। सीसीटीवी में न आए इसलिए उन्होंने पानीपत और करनाल टोल टैक्स की बजाय दूसरा रास्ता अपनाया और 6 फरवरी को ही देर रात शव को बूढ़नपुर के पास नहर में फेंका और उसके बाद सबूत मिटाने के लिए गाड़ी को भी नहर में धक्का दे दिया। वहीं, पांच दिन से लगातार आरोपियों की धरपकड़ में जुटी सीआइए टू और डिटेक्टिव टीम ने भैंसवाल चौके के पास से दबोच लिया और पुलिस पूछताछ के लिए न्यायालय में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
प्रॉपर्टी डीलर तक कैसे पहुंचे आरोपी और शव को कैसे-कैसे ले गए बूढ़नपुर
रेकी कर रहे आरोपी सुनील उर्फ निती ने प्रॉपर्टी डीलर नरेश शर्मा के ऑफिस से निकलने से करीब पांच मिनट पहले ही पुलकित और चेतन को मौके पर पहुंचकर सूचना दे दी थी। वहीं, स्काईलार्क पर जैसे ही नरेश शर्मा अपनी कार में सवार होकर पहुंचा तो पुलकित और चेतन ने नरेश शर्मा को गाड़ी रुकवाया और बचे हुए पैसे लौटाने के बहाने सेक्टर 13-17 में बने अपने ऑफिस पर ले गए।



