सीमित ओवर प्रारूप के बाद टीम इंडिया का असली टेस्ट शुरू हो चुका है. भारतीय टीम को अब न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है, जिसका पहला मुकाबला 21 फरवरी से वेलिंगटन में शुरू होगा. हालंकि टीम ने न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ तीन दिवसीय अभ्यास मैच से टेस्ट सीरीज की तैयारियों का आगाज कर दिया है. भारतीय टीम ने पहले दिन सभी दस विकेट खोकर 263 रन बना लिए हैं. इनमें मध्यक्रम के बल्लेबाज हनुमा विहारी ने सबसे ज्यादा 101 रन बनाए, जबकि चेतेश्वर पुजारा ने 93 रनों की शानदार पारी खेली.
पृथ्वी-मयंक ने की ओपनिंग, भारत ने 38 रनों तक गंवाए चार विकेट
भारतीय टीम ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. टीम के लिए पृथ्वी शॉ और मयंक अग्रवाल ओपनिंग करने उतरे. हालांकि ये जोड़ी पहले ही ओवर में टूट गई जब शॉ चार गेंदों में बिना खाता खोले रचिन रवींद्र को कैच थमाकर चलते बने. इसके बाद तो जैसे विकेटों का पतझड़ ही लग गया. मयंक अग्रवाल भी 13 गेंदों पर एक रन बनाकर डैन क्लीवर को कैच देकर पवेलियन लौटे. चौथे नंबर पर उतरे शुभमन गिल पहली ही गेंद पर टिम सीफर्ट को कैच देकर आउट हुए. अजिंक्य रहाणे ने जमने की कोशिश की, लेकिन वे भी अपनी पारी को 30 गेंदों पर 18 रन से आगे नहीं खींच सके. इस तरह 38 रनों पर ही भारत के चार विकेट गिर चुके थे.
हनुमा-पुजारा ने पांचवें विकेट के लिए जोड़े 195 रन
शुरुआती झटकों के बाद तीसरे नंबर पर उतरे चेतेश्वर पुजारा और छठे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हनुमा विहारी ने टीम को संभाला. दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 195 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी की. इस दौरान हनुमा विहारी अधिक आक्रामक नजर आए. उन्होंने 182 गेंदों पर 10 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 101 रन की पारी खेली. वहीं चेतेश्वर पुजारा शतक से आठ रनों से चूक गए. उन्होंने 211 गेंदों पर 11 चौके और 1 छक्के की मदद से 93 रन बनाए.
8 बल्लेबाज दस का आंकड़ा तक नहीं छू सके, इनमें 4 तो जीरो पर आउट
भारतीय टीम के आठ बल्लेबाजों का प्रदर्शन इतना लचर रहा कि वे दस का आंकड़ा तक नहीं छू पाए, वहीं इनमें से चार खिलाड़ी को बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए. युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने 10 गेंदों पर 7 रन बनाए, जबकि विकेटकीपर ऋद्िधमान साहा 6 गेंद खेले लेकिन खाता नहीं खोल सके. रविचंद्रन अश्विन ने दो गेंद पर 0 और रवींद्र जडेजा ने 13 गेंद पर 8 रन बनाए. तेज गेंदबाज उमेश यादव 10 गेंदों पर 9 रन बनाकर नाबाद लौटे. न्यूजीलैंड के लिए स्पिनर ईश सोढ़ी और स्काॅट कुगेलिन ने तीन-तीन विकेट लिए.
दो मैचों की टेस्ट सीरीज 21 फरवरी से होगी शुरू
टी20 और वनडे सीरीज के बाद अब भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) की टीमें दो मैचों की टेस्ट सीरीज में आमने-सामने होंगी. सीरीज का पहला मैच 21 फरवरी से शुरू होगा. ये मैच वेलिंगटन में खेला जाएगा. वहीं दूसरा टेस्ट 29 फरवरी से क्राइस्टचर्च में शुरू होगा. इसके बीच भारतीय टीम तीन दिवसीय अभ्यास मैच भी खेलेगी, जो हैमिल्टन में न्यूजीलैंड एकादश के खिलाफ 14 फरवरी से खेला जाएगा. टेस्ट मैच भारतीय समयानुसार तड़के साढ़े तीन बजे से शुरू होंगे.



